-महाविद्यालय से रविवार को दीवार फांदकर भागे छात्र पहुंच गए थे अपने घर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। ग्वालीखेड़ा गांव के श्री दादू बलराम संस्कृत महाविद्यालय से रविवार को दीवार फांदकर भागे छात्र मनोज और निखिल अपने-अपने घर पहुंच गए थे। सोमवार को उनके परिवार वाले दोनों छात्रों को वापस महाविद्यालय ले आए।
नौवीं कक्षा का छात्र मनोज कुराड़, जिला पानीपत का निवासी है, जबकि छठी कक्षा का छात्र निखिल संभल का निवासी है। ये दोनों छात्र रविवार को महाविद्यालय की दीवार फांदकर भाग गए थे। अन्य छात्रों के शोर मचाने पर शिक्षकों ने कई घंटे तक जंगल में दोनों छात्रों की तलाश की। इसके बाद शिक्षक ऋषिराज ने दोनों छात्रों के अभिभावकों को फोन पर घटना की जानकारी दी।
अभिभावकों को बताया गया कि महाविद्यालय से भागने के बाद दोनों छात्र अपने-अपने घर पहुंच गए थे। इस पर परिजनों ने नाराजगी व्यक्त की और सोमवार को उन्हें वापस महाविद्यालय ले आए। इस मामले में प्रधानाचार्य ललित कुमार शास्त्री ने छात्रों और उनके अभिभावकों को चेतावनी दी है कि दोबारा ऐसी हरकत करने पर उनका प्रवेश निरस्त कर दिया जाएगा।