- शिक्षक पात्रता परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों को परीक्षा के आधे घंटे बाद दी गई पेपर लीक होने की जानकारी
- परीक्षा निरस्त होने से मायूस हुए परीक्षार्थी, बड़ौत में अभिभावकों ने किया हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/बड़ौत/खेकड़ा। पेपर लीक हो गया है... सरकार ने इस परीक्षा को निरस्त कर दिया है... लिखना बंद करें और घर जाएं। रविवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा देने पहुंचे हजारों को परीक्षार्थियों को पहली पारी शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद कक्ष निरीक्षकों ने यह जानकारी दी तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद सभी परीक्षार्थी मायूस होकर ही अपने घर लौट गए। उधर, बड़ौत में पेपर निरस्त होने पर अभिभावकों ने हंगामा प्रदर्शन किया।
शनिवार को जनता वैदिक इंटर कॉलेज, दिगंबर जैन कॉलेज व वीर स्मारक इंटर कॉलेज में शिक्षक पात्रता शुरू हुई। स्टेट ऑर्ब्जवर योगराज सिंह ने निरीक्षण किया। करीब आधे घंटे बाद परीक्षा रद्द करने की जानकारी परीक्षार्थियों को दी गई तो सभी में मायूसी छा गई। केन्द्रों के बाहर परीक्षार्थियों के अभिभावकों ने इस पर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने पेपर लीक करने वालों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। हंगामा करने वालों में प्रतीक तोमर, दीपक, सुनील, अजय, देवेन्द्र, राजकुमार, अशोक, प्रदीप, धीरज शामिल रहे।
-----
17 केंद्रों पर 13898 परीथार्थी को देनी थी परीक्षा
जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए 13897 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 8112 परीक्षार्थी प्राथमिक स्तर और 5787 परीक्षार्थी उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए पंजीकृत थे।
मायूस परीक्षार्थियों ने सिस्टम पर उठाए सवाल
बागपत में परीक्षा देने के लिए आई अग्रवाल मंडी टटीरी की प्रीति का कहना था कि परीक्षा की पूरी तैयारी थी। अब पेपर के लिए फिर से मेहनत करनी पड़ेगी। कानून व्यवस्था की लापरवाही के कारण पेपर लीक हुआ है। सरकार को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए। तितरौदा की निशा खान का कहना था कि पेपर काफी आसान आया, पेपर हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। अब पेपर के लिए फिर से तैयारी करनी पड़ेगी। बड़ौत की पट्टी मेहकर की कोमल का कहना था कि परीक्षा निरस्त होने से पूरे साल की मेहनत पर पानी फिर गया है। अब परीक्षा के लिए फिर से तैयारी करनी पड़ेगी।
बड़ौत की ही दीप्ति ने कहना था कि कानून व्यवस्था लचर होने के कारण पीसीएस तक के पेपर लीक हो रहे है। सरकार को नकल माफियों पर शिकंजा कसना होगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। लधवाड़ी के समीर खान का कहना था कि पेपर आसान आया और वह परीक्षा में सफल हो सकता था। परीक्षा निरस्त होने से सारी मेहनत बेकार हो गई है। खेकड़ा के महामना मालवीय डिग्री कालेज में परीक्षा देने पहुंची बड़ौत निवासी परीक्षार्थी सृष्टि का कहना है कि उन्होंने परीक्षा की अच्छी तैयारी की हुई थी। पेपर बहुत अच्छा आया हुआ था। परीक्षा रद्द होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया।
पेपर लीक करने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई: डा सत्यपाल सिंह
सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा निरस्त हुई है। इसका कारण पेपर लीक होना रहा है। परीक्षा का पेपर लीक करने वाले लोगों के लिए योगी सरकार कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। यह बहुत गलत हुआ है, इसके लिए गैंग पर कड़ी कार्यवाही भी जरूर की जाएगी।
एक महीने बाद होगी परीक्षा
खेकड़ा एसडीएम अजय कुमार ने बताया कि परीक्षा एक महीने बाद कराई जाएगी। इसके लिए अलग से कोई फीस नहीं देनी होगी।
सिस्टम पर हावी है पेपर लीक करने वाले
पेपर लीक करने वालों के गैंग सिस्टम पर हावी है। प्रतियोगी परीक्षा में शिक्षा माफिया पूरी तरह से सक्रिय हो जाते हैं। पूर्व में भी पेपर लीक होने के कारण कई परीक्षाएं निरस्त हो चुकी है। बड़ौत क्षेत्र से पेपर लीक करने वालों का गैंग का पुराना नाता रहा है। दिल्ली, यूपी एटीएस, एसटीएफ की टीमों ने बड़ौत से पहले कई बार ऐसे लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
बागपत में परीक्षा देने के बाद मायूस होकर बाहर आती दिव्यांग महिला अभ्यर्थी व अन्य- फोटो : BAGHPAT