छपरौली। कस्बे के चौधरान पट्टी में खिलारी सिंह चेयरमैन के आवास पर किसानों की बैठक हुई। जिसमें किसानों के निजी नलकूपों पर मीटर लगाने का विरोध किया।
खाप चौधरी सुभाष चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों को परेशान करने के नए-नए हथकंडे अपना रही है। सरकार किसानों के गन्ना बकाया का भुगतान दिलाने के लिए प्रयास नहीं कर रही है। आवारा पशु किसानों की खेतों में खड़ी फसल को बर्बाद कर रहे हैं। किसानों पर बिजली के बकाया बिल वसूलने के लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों का उत्पीड़न किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा।
रणवीर सिंह ने कहा कि किसान चुप नहीं बैठेगा। नलकूपों पर जबरदस्ती मीटर नहीं लगाने दिया जाएगा। किसान ऊर्जा निगम की गुंडागर्दी का खुद जवाब देगा। डायरेक्टर ओमबीर सिंह ने कहा कि किसानों के निजी नलकूपों पर बिजली का बिल वर्तमान में फिक्स चार्ज के आधार पर लिया जाता है। जब इस व्यवस्था से किसानों को परेशानी नहीं है, जबकि सरकार को दिक्कत हो रही है। बैठक में मास्टर राजपाल सिंह, श्याम सिंह, रामबीर सिंह, प्रेमपाल सिंह, करण सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, उमेश, पप्पन, नरेंद्र सिंह, किरणपाल सिंह, इकबाल, साधु सिंह, सोहनवीर सिंह और ओमपाल आर्य मौजूद रहे।