बागपत। बागपत सीएचसी में जिस हेल्थ एटीएम का सीएम योगी उद्घाटन करेंगे, उससे लगभग 52 तरह की जांच की जाएगी। मशीन से एटीएम मशीन की तरह मरीज की जांच रिपोर्ट निकलेगी। रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएचसी में हेल्थ एटीएम मशीन का उद्घाटन करेंगे।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि सीएचसी पर लगने वाली हेल्थ एटीएम मशीन से रैपिड डायग्नास्टिक चेकअप, त्वचा की जांच, के अलावा, नाक, कान, आंख, ब्लड प्रेशर, बुखार, ईसीजी, एचआईवी, कॉलस्ट्रोल, थाइराइड, शुगर, ब्लड शुगर, हिमोग्लोबिन, डेंगू, मलेरिया, आक्सीजन का लेवल, प्रेगनेंसी, फैट, प्रोटीन, गुर्दे व मूत्र की जांच सहित 52 जांचें होंगी।
मशीन लगने पर सीएचसी पर आने वाले मरीजों को जांच कराने के लिए जिला अस्पताल या फिर प्राइवेट लैब की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। हेल्थ एटीएम पर एक कर्मी मौजूद रहेगा, जो मरीजों की जांच करेगा। जांच के बाद एटीएम मशीन की तरह ही इससे जांच रिपोर्ट पर्ची निकलेगी। यह मशीन मरीज की जांच के बाद उसका डायट चार्ट और मेंटल स्ट्रेस के बारे में जानकारी देगी।
----
ज्वाइंट डायरेक्टर और सीएमओ ने किया सीएचसी का निरीक्षण
बागपत। ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. अशोक तालियान और सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने शनिवार को सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक से रविवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। डॉ. अशोक तालियान ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत को समय से सभी तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएचसी पर तैनात चिकित्सकों व कर्मचारियों को कार्यक्रम को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के भी निर्देश दिए।