बागपत के बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर ईंटों से लदे ट्रक ने दो बाइक सवारों को कुचल दिया। एक की मौत हो गई, जबकि दूसरो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बड़ौत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
शामली के गांव बनत का रहने वाला धर्मपाल (55) पुत्र सूरत सिंह रविवार को गांव लूंब में रिश्तेदार मोनू के यहां शादी समारोह में शरीक होने आया था। सोमवार की सुबह वह बनत गांव जाने के लिए लूंब से चला था। रास्ते में उसने शामली जा रहे लूंब के ही बाइक सवार राजीव कुमार से लिफ्ट ले ली। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रमाला मोड़ के पास शामली की ओर जा रहे ईंटों से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठा धर्मपाल ट्रक के टायर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि राजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे बड़ौत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।