संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गणित में विद्यार्थियों की क्षमता निखारने के लिए उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय में ओलंपियाड परीक्षा होगी तो विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन भी होगा। यह ब्लॉक स्तर पर होगी और फिर दस-दस विद्यार्थियों का चयन कर जिला स्तर की प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी कर ली है।
जिले में 530 परिषदीय विद्यालयों में 80 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत गणित विषय की विभिन्न अवधारणाओं को व्यावहारिक रूप से प्रयोग करने की क्षमता को विकसित करने के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालयों में गणित ओलंपियाड और प्रदर्शनी आयोजित होगी। इसके लिए नवंबर माह में ब्लॉक स्तरीय और जिला स्तरीय पर गणित ओलंपियाड और प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता हो चुकी है। अब ब्लॉक स्तरीय और जनपद स्तरीय गणित ओलंपियाड की तैयारी चल रही है।
ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक ब्लॉक से 10 विद्यार्थियों का चयन होगा। अंतिम चरण में जिलास्तरीय प्रतियोगिता होगी, जिसमें पांच विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इन चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए उन्हें मेडल और प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ब्लॉक स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में शिक्षक विद्यार्थियों को तैयार करेंगे।
प्रतियोगिता के प्रश्नपत्र में 30 सवाल होंगे, जिसमें 20 बहुविकल्पीय और 10 वस्तुनिष्ठ सवाल होंगे। ब्लॉक और जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रश्नपत्र लिखित रूप में दिए जाएंगे। बीएसए गीता चौधरी ने बताया कि परीक्षा की तैयारी हो गई है और जल्द यह कराई जाएगी।