70 साल पुराने जर्जर भवन में कार्य करने को मजबूर हैं कर्मचारी
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्र का भवन बहुत ही जर्जर है। इसमें बैठकर कार्य करने वाले कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं। उन्हें हर समय ङवन के गिरने का डर सता रहा है, लेकिन लगातार शिकायत करने के बाद भी अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्र का भवन लगभग 70 साल पुराना और जर्जर हो चुका है। इस कारण बरसात में छत टपकने लगती है। इससे भवन में रखा बीज भीगकर खराब हो जाता है। इससे किसानों को अच्छे किस्म के बीज बाजार से लेने पर ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ता है। मरम्मत नहीं होने से सरकारी भवन की दीवारों और छतों में पड़ी दरारें बीज भंडार के जर्जर होने की गवाही दे रही है। जो कभी भी धराशाई हो सकती हैं।
बीज भंडार केंद्र में तैनात प्रभारी एसडीओ तेजपाल चौहान और गोदाम इंचार्ज नोरंग बताते है कि सात दशक पुराने भवन में गर्मी और सर्दी के मौसम में जैसे तैसे काम चल जाता है, लेकिन बरसात के मौसम में भवन में बैठकर काम करने पर डर लगा रहता है। भवन जर्जर होने के कारण बारिश में बीज व अन्य दस्तावेज अन्य जगहों पर रखने पड़ते हैं। भवन का फर्श और छत का प्लास्टर टूटकर गिर चुका है। भवन के छत के लेंटर में पड़े सरिया तक खराब हो चुके हैं। तेजपाल चौहान ने बताया कि नये भवन निर्माण के लिए एसडीएम दुर्गेश मिश्र और बीडीओ राहुल वर्मा से बातचीत हुई है। उधर, बीडीओ राहुल वर्मा ने बताया कि बहुत जल्द नये भवन का निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है।