ट्रांसफार्मर फुंकने पर बर्फ फैक्टरी संचालक को हुई चोरी की जानकारी, कूड़े में मिले तेल से भरे ड्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। औद्योगिक क्षेत्र में तीन फैक्टरियों के लिए लगे ट्रांसफार्मरों से चोरों ने तेल चोरी कर लिया। जिसमें एक ट्रांसफार्मर गर्म होने पर धमाका होकर फुंक गया और चोर तेल से भरे ड्रम छोड़कर भाग गए। जिसमें फैक्टरी संचालकों ने कोतवाली पहुंचकर चोरी की घटनाओं पर रोष जताया और कार्रवाई की मांग की।
औद्योगिक क्षेत्र में राधे आइस फैक्टरी के संचालक गोविंद शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार रात चोरों ने उनकी फैक्टरी के बाहर लगे ट्रांसफार्मर के जंफर हटाकर तेल चोरी कर एक ड्रम में भर लिया। जिससे ट्रांसफार्मर गर्म होकर धमाके के साथ फुंक गया। वहां आवाज सुनकर कर्मी पहुंचे। उन्होंने बताया कि फैक्टरी के बाहर एक खाली जगह में तेल से भरा हुआ एक ड्रम मिला। इससे पहले चोरों ने आईकोन इंडस्ट्रीज समेत दो फैक्टिरयों के बाहर लगे ट्रांसफार्मर से भी तेल चोरी कर लिया था और ड्रम वहां पास ही रख दिए थे। वह ड्रम भी बरामद कर लिए गए। चोरी की जानकारी होने के बाद शुक्रवार की सुबह उद्यमी कोतवाली पहुंचे।
उन्होंने कोतवाली प्रभारी से मुलाकात कर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी मगनवीर सिंह गिल का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।