बागपत। बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों का अधिकारी नियमित रात्रि भ्रमण करेंगे। केंद्रों के रात्रि निरीक्षण के लिए जिले में चार टीमों का गठन किया गया है। टीम में एक प्रभारी के अलावा दो सदस्य नियुक्त किए गए हैं। टीम निरीक्षण के फोटोग्राफ कंट्रोल रूम में उपलब्ध कराएंगे।
बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 28 केंद्र बनाए गए हैं। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की गोपनीयता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को केंद्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने जिले में चार टीमों का गठन किया है। टीम में जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सक्सेना, राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य ज्वाला प्रसाद, प्रधानाचार्य रामनिवास और जिला समन्वयक नितिन कुमार शास्त्री को टीम का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा प्रत्येक टीम में दो-दो सदस्य नियुक्त किए गए हैं। वित्त एवं लेखाधिकारी आशीष, जसविंद्र सिंह, रविंद्र, प्रविंद्र, प्रधान सहायक गंगादास गौतम, राजीव कुमार, मोहित कुमार और छविराम यादव को सदस्य नियुक्त किया गया है। टीम प्रभारी अपनी टीम के साथ केंद्रों का रात्रि भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे और फोटोग्राफी कर कंट्रोल की ओर जारी किए गए नंबर पर भेजेंगे। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर कोई भी कमी मिलने पर इसे दूर कराया जाएगा।
- वर्जन - केंद्रों पर रात्रि भ्रमण के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। टीम नियमित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर सूचना उपलब्ध कराएंगी। इस बारे में सभी टीम प्रभारी और सदस्यों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। - धर्मेंद्र कुमार सक्सेना, जिला विद्यालय निरीक्षक