-जिला प्रोबेशन अधिकारी ने गठित की चार अधिकारियों की समिति, निदेशालय भेजी जाएगी समिति की जांच रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सहारनपुर के बालिका गृह के अधिकारियों पर आरोप लगाने वाली किशोरी की काउंसलिंग करने के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी ने चार अधिकारियों की समिति का गठन किया। यह मंगलवार को सहारनपुर के बालिका गृह का निरीक्षण करेगी और किशोरी की काउंसलिंग कर तीन दिन में अपनी रिपोर्ट जिला प्रोबेशन अधिकारी को सौंपेगी।
सहारनपुर के बालिका गृह में बागपत जिले की तीन किशोरियां भेजी गई थीं। कई दिन पहले बालिका गृह में रहने वाली एक किशोरी ने प्रबंधक पर अश्लील हरकत करने, महिला अधीक्षक पर भंडार रूम में ले जाकर कपड़े उतारकर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया था। इसमें सहारनपुर प्रशासन ने कई कर्मचारियों पर कार्रवाई कर दी थी। अब इस मामले में जांच कराने के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी तुलिका शर्मा ने बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह ढाका, सदस्य अतुल जैन, संरक्षण अधिकारी दीपांजलि और वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर निशी की एक समिति का गठन किया। साथ ही समिति को सहारनपुर के बालिका गृह में पहुंचकर किशोरी की काउंसलिंग करने और उनके साथ हुई घटना की रिपोर्ट तीन दिन में तैयार करने के निर्देश दिए। इस मामले में जिला प्रोबेशन अधिकारी तुलिका शर्मा ने बताया कि समिति की रिपोर्ट निदेशालय भेजी जाएगी और उसी आधार पर संस्था की जिम्मेदारी निर्धारित कर कार्रवाई कराई जाएगी।