छठ पर्व पर उगते सूर्य को जल किया अर्पित
खेकड़ा। नगर में छठ व्रत पूजा में पूर्वांचल की महिलाओं ने कृत्रिम घाटों पर पूजा-अर्चना कर सूर्य को जल अर्पित कर धर्म लाभ उठाया।
नगर में सोमवार को पूर्वांचल के परिवारों ने छठ पूजा पर्व धूमधाम से मनाया। मकान के आंगन में बनाए गए कृत्रिम तालाबों में छठ मैया की पूजा-अर्चना करने वाली महिलाओं की भीड़ जुटी रही। सूर्योदय से एक घंटे पूर्व ही फल, फूल, पुआ, पूड़ी, ठेकुआ और पूजा सामग्री से भरी डलिया, डलवा और सूप लेकर घाटों और कृत्रिम तालाबों पर पहुंची महिलाओं ने वेदी पर दीप जलाकर पूजन सामग्री चढ़ाई। छठ मैया की पूजा-अर्चना कर सूर्य की आराधना के लिए सूप में नारियल और दीपक रखकर उगते सूर्य को जल अर्पित किया। छठ मैया की कोसी भरी और बच्चों की लंबी आयु की कामना की। इस दौरान ज्योति, पुष्पा पटेल, सविता यादव, सुमन, राजेश देवी, धर्मेंद्र सिंह, विपिन कुमार, सचिन शर्मा, पंकज जोशी, अनिल, आकाश, हरिराम पटेल, आशीष यादव, अश्विनी, अंशिका, वर्षा आदि शामिल रहे।