- दोनों घायलों का मेरठ के निजी अस्पताल में चल रहा उपचार, पुलिस ने जेल भेजे दोनों हत्यारोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नौरोजपुर गुर्जर गांव के इंजीनियर अनुज नैन, कांग्रेस नेता के भतीजे शेखर शर्मा निवासी निबाली की हत्या और दो लोगों को गोली मारकर घायल करने के आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को पुलिस ने जिला अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
मीतली-बसौद मार्ग पर शनिवार रात तेज बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद में विशेष लोक अभियोजक इंद्रपाल सिंह के चचेरे भाई प्रवेश की कमर में गोली मारकर घायल किया गया। इसके आधा घंटा बाद अग्रवाल मंडी टटीरी में अंडे की दुकान पर आमलेट खा रहे प्रशांत निवासी सहारनपुर के साथ झगड़ा होने पर उसके हाथ में गोली मार दी। इसके बाद करीब एक घंटे बाद पिटाई का बदला लेने के लिए निवाड़ा-नौरोजपुर गुर्जर मार्ग पर कुंडली में ड्यूटी कर लौट रहे शेखर शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी।
फिर गुफा मंदिर के पास इंजीनियर अनुज नैन की गोली मारकर हत्या कर दी और उसकी कार लेकर चले गए। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने दुड़भा गांव के जंगल में मुठभेड़ में आर्यन शर्मा और आदिल निवासी निबाली को गिरफ्तार कर चारों घटनाओं का खुलासा किया। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। दोनों के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज किए गए है, जिनमें चार घटनाएं और एक पुलिस मुठभेड़ का है।