बागपत। कलक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में नहीं पहुंचने पर डीएम ने लोनिवि के एक्सईएन समेत दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही शिकायतों का निस्तारण करने और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने के निर्देश दिए है।
कलक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक में डीएम राजकमल यादव ने विकास कार्यों और 50 लाख से अधिक लागत के निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। जहां उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को समय पर निर्माण करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन, कौशल विकास मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल, मनरेगा समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि गोवंश सड़कों व खेतों में नजर नहीं आने चाहिए, जिसमें लापरवाही पर संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इसके अलावा एक अधिकारी की पांच बार शिकायत करने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में नहीं पहुंचने पर डीएम ने एक्सईएन नगर निगम पुलिस आवास निर्माण निगम व एक्सईएन लोनिवि को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।