बागपत। गैस पाइप लाइन बिछाने में नियमों का उल्लंघन करने पर नगर पालिका ने थिंक गैस कंपनी को नोटिस जारी किया है। वहीं नगर पालिका ने पानी के रिसाव का पता लगाने के लिए ठाकुरद्वारा की गलियों को उखाड़ना शुरू कर दिया है। जब दूसरी गली उखाड़ने लगे तो लोगों ने हंगामा कर दिया। वहां नगर पालिका ईओ और कर्मचारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। वहां एक गली उखाड़ने के बाद भी पानी के रिसाव का पता नहीं लग सका है। पानी के रिसाव का पता लगने के बाद ही समस्या का समाधान होगा।
ठाकुरद्वारा मोहल्ले में चेयरमैन पवन गुप्ता वाली गली व उसके पास ही दूसरी गली में जमीन धंसने से मकानों में काफी दरार आई हुई है। वहां पूर्व चेयरमैन पवन गुप्ता के बेटे शिवम गुप्ता, उनके भाई राजीव गुप्ता, राधेश्याम शर्मा, नरेश, नरेश शर्मा, पवन कश्यप, प्रदीप कश्यप, जयकिशन कश्यप, पवन गुप्ता, चरणजीत खट्टर, विवेक शर्मा, सतप्रकाश गुप्ता, जयप्रकाश वर्मा समेत करीब 25 लोगों के मकानों का फर्श धंसने के साथ ही दरार आई है। वहां गैस पाइप लाइन बिछाने से पेयजल लाइन लीक होने पर पानी के रिसाव के कारण जमीन धंसने की बात सामने आ रही है।
इसलिए ही सबसे पहले पेयजल लाइन से पानी के रिसाव का पता लगाने में नगर पालिका के कर्मचारी जुट गए है। इसके लिए रविवार को नगर पालिका के कर्मचारियों ने ठाकुरद्वारा की गलियों को उखाड़कर उस जगह को ढूंढने में लगे रहे, जहां से पानी का रिसाव हो रहा है। इसके बावजूद पूरे दिन में रिसाव की जगह का पता नहीं लग सका।
गैस कंपनी को नोटिस देकर कार्रवाई की तैयारी
नगर पालिका ईओ राजेश राणा ने बताया कि गैस कंपनी को नोटिस दिया है। क्योंकि उसने नियमों के अनुसार कार्य नहीं किया। नगर पालिका के साथ अनुबंध में जिन नियमों का पालन करने के लिए कहा गया था, उनका थिंक गैस कंपनी ने पालन नहीं किया है। अब कंपनी को जवाब देना होगा और उसके जवाब से अधिकारी संतुष्ट नहीं होते है तो कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।