बागपत। क्लस्टर बदलने के बाद भी 40 से अधिक सचिवों ने अभी तक पंचायतों में हुए विकास कार्यों के अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए हैं। अब ऐसे सचिवों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने संबंधित सचिवों को नोटिस जारी कर तीन दिन का समय दिया है।
चार माह पहले सचिवों के क्लस्टर बदले गए थे और उन्हें पांच साल का रिकॉर्ड संबंधित सचिवों को 27 सितंबर तक सौंपने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी तक 40 से अधिक सचिवों ने पंचायतों का रिकॉर्ड नहीं सौंपा है। सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पांच साल का रिकॉर्ड देने में पंचायत सचिव लापरवाही बरत रहे हैं और कई बार पत्र लिखने व बैठक में कहने के बाद भी गंभीर नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि तीन दिन में सचिव अभिलेख नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
छपरौली ब्लॉक के सचिवों को चहारदीवारी नहीं कराने पर नोटिस
बागपत। छपरौली ब्लॉक के सचिवों को ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत प्राथमिक विद्यालयों की चहारदीवारी व टाइलीकरण का कार्य कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन सचिवों द्वारा इसमें लापरवाही बरती जा रही है। अभी तक ब्लॉक के सचिवों ने कार्य पूरा कराने की तरफ ध्यान नहीं दिया है। 18 सितंबर को भी जिला स्वच्छता समिति की बैठक में भी सचिवों को कार्य कराने के निर्देश दिए थे और कार्य न करने पर नाराजगी जताई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए छपरौली बीडीओ ओमप्रकाश यादव ने सचिवों को नोटिस जारी कर कार्य नहीं कराने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि सचिवों को समय से कार्य कराने के आदेश दिए हैं।