बागपत डीआईओएस कार्यालय पर धरना देते उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणोत्तर एसोसिएाशन के पदधिकारी
- फोटो : BAGHPAT
शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का धरना, लेखाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
बागपत। मांगों को लेकर शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में धरना दिया। उन्होंने वित्त एवं लेखाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में कर्मचारियों की मांगे जल्द पूरी करने की मांग की।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर एसोसिएशन के आह्वान पर शनिवार को दिए धरने में कर्मचारियों का कहना था कि प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना की बहाली की जाए और कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। योग्यताधारी कर्मचारियों की शिक्षक पद पर पदोन्नति कर अशासकीय सहायता प्राप्त व राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों की भांति चिकित्सा सुविधा का लाभ दिया जाए। सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को राजकीय विद्यालयों के कर्मचारियों की तरह सेवानिवृत्ति पर तीन सौ दिनों के अर्जित अवकाश का नगदीकरण दिया जाए। तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति पर लगी रोक हटाई जाए और विद्यालयों की प्रबंध समिति में भागीदारी कराई जाए। मृतक आश्रितों को निर्धारित समय में उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर नियुक्ति कराई जाए। एक अप्रैल 2014 के बाद में नियुक्त शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सामूहिक बीमा योजना का लाभ फिर से शुरू कराया जाए।
उन्होंने वित्त एवं लेखाधिकारी राजन जौहरी को मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में सभी मांगें पूरी करने की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजकुमार, प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेश चंद पांचाल, जिलामंत्री प्रेमसिंह, प्रांतीय मंत्री वीर सैन, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह तोमर, उपमंत्री तेजपाल सिंह व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।