बागपत/बड़ौत। दिल्ली में नौ और 10 सितंबर को होने वाले जी-20 समिट के चलते कई दिनों तक दिल्ली में वाहनों की नो एंट्री रहेगी। आज शाम से तकरीबन चार दिन के लिए दिल्ली में यूपी की ओर से जाने वाले वाहनों को दिल्ली सीमा के बाहर ही रोका जाएगा। ऐसे में जहां एक तरफ बसों के दिल्ली में नो एंट्री रहेगी, वहीं कई ट्रेनें रद्द रहेंगी। इससे यात्रियों को आवागमन को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली जाने की सोच रहे हैं तो चार दिन के लिए अपना फैसला बदल दीजिए। दिल्ली में 18 वें जी-20 समिट के चलते शाम सात सितंबर की बजे से 10 सितंबर तक रूट डायवर्जन लागू किया गया है। दिल्ली में रूट डायवर्जन का प्रभाव बागपत के जाने वाले वाहनों पर भी पड़ेगा। बागपत से जाने वाले वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। चार दिन तक किसी प्रकार के वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जरूरी काम से दिल्ली जाने की सोच रहे हैं तो पहले रूट प्लान जरूर चेक कर लें। जी-20 समिट के लिए यातयात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। सात सितंबर की शाम सात बजे से 10 सितंबर को सम्मेलन समाप्ति तक रूट डायवर्ट रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहन दिल्ली की ओर नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से होकर आगे जा सकेंगे।
- दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर दो ट्रेनें रहीं रद्द
बागपत/बड़ौत। बुधवार को दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर बड़ौत से दिल्ली की ओर चलने वाली ट्रेन नंबर 05000 और दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 04999 रद्द रही। जिस कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान यात्रियों में सुधीर, मनोज, दीपक, सुनील आदि ने कहा कि इस रूट पर आए दिन ट्रेनों के लेट और रद्द रहने की बात आम हो गई है। जिस कारण यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर 10 सितंबर को छह ट्रेनें रदद रहेगी।
- आवश्यक वस्तु सेवा के लिए वाहनों के आवागमन पर रहेगी छूट
सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि आवश्यक वस्तु सेवा के लिए आवागमन करने वाले वाहनों के लिए छूट रहेगी। दूध, सब्जी, फल, चिकित्सा आपूर्ति के वाहन दिल्ली जा सकेंगे। डायवर्जन व्यवस्था में संशोधन किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।