दिल्ली-सहारनपुर के बीच नई ट्रेन का संचालन शुरू
बागपत, अग्रवाल मंडी टटीरी। दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर मंगलवार से एक नई पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हुआ है। इस मार्ग पर एक ट्रेन बढ़ने से एक्सप्रेस सहित दस ट्रेन हो गईं हैं। इनमें से पांच दिल्ली जाती हैं और पांच ट्रेन दिल्ली से आती हैं। ट्रेन बढ़ने से दैनिक यात्रियों के अलावा क्षेत्र के लोगों को भी काफी फायदा मिलेगा।
दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर कोरोना काल से पहले 20 ट्रेनों का संचालन होता था। कोरोना काल में ट्रेनें बंद हो गईं थी। अब तक इस मार्ग पर अप और डाउन मिलाकर एक्सप्रेस ट्रेन सहित आठ ट्रेनों का संचालन चल रहा था, मंगलवार से मार्ग पर एक और पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हुआ है। मार्ग पर एक पैैसेंजर ट्रेन बढ़ने से अब दस ट्रेनें हो गईं हैं। इनमें से पांच ट्रेन दिल्ली जाएगी और पांच ट्रेन दिल्ली से आएंगी। नई पैसेंजर ट्रेन सुबह दस बजकर 22 मिनट पर बागपत रोड रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। मार्ग पर ट्रेन बढ़ने से एक ओर जहां यात्रियों को लाभ पहुंचेगा, वहीं रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी। उधर, यात्रियों ने दिल्ली से आने वाली ट्रेन का समय दोपहर 12 बजे कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सुबह 9:15 पर दिल्ली से सहारनपुर ट्रेन जाती है और इसके एक घंटे बाद ही नई ट्रेन का संचालन शुरू कराया गया है।