बागपत/बड़ौत/दोघट। बड़ौत में छपरौली रोड पर ईदगाह में जगह कम पड़ने के कारण बाहर सड़क पर नमाज पढ़ी गई तो बागपत में ईदगाह के बाहर से पहले ही लोगों को उठा दिया। इसको लेकर विरोध भी जताया गया, लेकिन पुलिस ने अन्य जगह जाकर नमाज पढ़ने की बात कही। वहीं दोघट में ईदगाह में जगह नहीं मिलने पर लोगों ने खेत में जाकर नमाज पढ़ी।
बागपत में ईदगाह में भीड़ होने पर लोगों ने गेट के बाहर चटाई बिछानी शुरू कर दी, जिससे वह बाहर नमाज पढ़ सके। उस समय वहां डीएम राजकमल यादव और एसपी अर्पित विजयवर्गीय मौजूद थे तो उन्होंने अन्य जगह नमाज पढ़ने की बात कही।
जिस पर पुलिस ने उनको वहां से उठा दिया और वहां पहुंचने वाले अन्य लोगों को वापस भेजना शुरू कर दिया। इसको लेकर लोगों ने आपत्ति जताई और उनकी पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। भीड़ को देखते हुए वापस चले गए और मस्जिद व अन्य जगह जाकर नमाज अदा की।
बड़ौत में छपरौली मार्ग पर ईदगाह के बाहर सड़क किनारे लगाए गए टैंट पुलिस ने पहले ही हटवा दिए थे। लेकिन वहां कुछ देर बाद ही सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग ईदगाह के बाहर एकत्र हो गए और अंदर जगह कम होने की बात कहते हुए सड़क पर बैठते चले गए।
एसडीएम सुभाष सिंह व सीओ सविरत्न गौतम ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, मगर लोगों ने उनकी बात नहीं सुनी। इसके बाद सडक़ पर ही नमाज पढ़ी गई। जब डीएम और एसपी पहुंचे तो उन्होंने एसडीएम, सीओ से कड़ी नाराजगी जताई।
खेत में बैठकर पढ़ी नमाज
चौगामा क्षेत्र के दोघट, टीकरी, दाहा, भड़ल, निरपुड़ा, शाहजहांपुर, पट्टी बंजारन, फौलदनगर समेत नौ जगह ईदगाह पर ईद की नमाज अदा की गई। दोघट कस्बे में ईदगाह पर जगह नहीं मिलने के कारण लोगों ने उसके पास ही खाली पड़े खेत में नमाज अदा की। नमाज के बाद एक दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी। लोगों ने कहा कि ईदगाह में भीड़ होने के कारण सड़क की जगह खेत में जाकर नमाज अदा की।