संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। किसान संदेश अभियान के तहत रालोद कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने सीएम के नाम एडीएम को ज्ञापन देकर पांच फरवरी तक गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर सात फरवरी को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
कलक्ट्रेट पहुंचे किसान संदेश यात्रा के प्रभारी व पूर्व मंत्री डाॅ. कुलदीप उज्ज्वल ने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर 28 दिसंबर से किसान संदेश अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें 30 हजार किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखे हैं। जिन्हें डाकघरों से भेजा गया है। उन्होंने कहा कि तीन महीने चीनी मिल चलने के बाद भी गन्ना मूल्य घोषित नहीं किया गया। जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गन्ना मूल्य जल्द घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र का बकाया गन्ना भुगतान नहीं मिलने के कारण किसान परेशान हैं।
उन्होंने पिछले सत्र का भुगतान ब्याज सहित किसानों को दिलाने और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान कराने की मांग की। चेतावनी दी कि पांच फरवरी तक सभी मांगे पूरी नहीं होने पर रालोद कार्यकर्ता सात फरवरी को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान विधायक डाॅ. अजय कुमार, अहमद हमीद, जिलाध्यक्ष रामपाल धामा, पूर्व मंत्री मेराजुद्दीन, पूर्व विधायक डाॅ. अजय तोमर, सुखवीर सिंह गठीना, जयवीर तोमर, अश्वनी तोमर, प्रमेंद्र तोमर, विकास बाछौड़, विश्वास चौधरी, गौरव तोमर और सतीश चौधरी आदि मौजूद रहे।