बागपत कोतवाली क्षेत्र के गाधी और ब्राह्मण पुट्ठी गांव के बीच में रजवाहे में करीब 30 वर्षीय महिला की हत्या कर शव को फेंक दिया। निर्वस्त्र अवस्था में मृतका के गले में कपड़ा और हाथ में रस्सी से मरा हुआ कुत्ता बंधा मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर शनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की है।
रजवाहे के पास से सोमवार को सुबह के समय गुजर रहे लोगों को रजवाहे के पानी में दो शव दिखाई दिए। उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। मौके पर सैकड़ों लोग इकट्ठे हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को रजवाहे से निर्वस्त्र महिला और कुत्ते का शव मिला। पुलिस के अनुसार मृतक महिला के गले में कपड़ा बंधा था। साथ ही उसके एक हाथ पर रस्सी से कुत्ते का शव बंधा था।
इसे देखकर पुलिस और क्षेत्रीय लोग टेंशन में आ गए। शव की पुलिस ने शनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। पुलिस टीम आशंका जता रही है दुष्कर्म करने के बाद महिला की हत्या की गई है, लेकिन उसके हाथ पर कुत्ते का शव क्यों बांधा गया, इसको लेकर हर कोई हैरान है।
कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव ने कहा महिला के शव की शनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी शव का पहचान नहीं हो पाई है। उसकी मौत कैसे हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।