उत्तर प्रदेश के बड़ौत में बिजरौल रोड रेलवे क्रांसिग और बिनौली रोड रेलवे क्रासिंग के बीच युवक की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक की जेब से 315 का कारतूस मिला। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, हालांकि युवक की अभी शिनाख्त नहीं हुई है।
कोतवाली पुलिस को सोमवार की दोपहर लोगों ने सूचना दी कि एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मोहननगर कालोनी के पास पड़ा मिला है। युवक का सिर पूरी तरह से फटा हुआ था और आसपास खून के छींटे लगे हुए थे। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक की जेब से 315 का कारतूस मिला, जबकि तमंचा व अन्य हथियार कहीं नहीं मिला।
पुलिस युवक को लेकर सीएचसी पर पहुंची, लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि अभी तक मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि युवक के सिर मेें गोली लगी हुई है, जिस कारण उसका सिर पूरा फटा हुआ है। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।