रमाला। किरठल गांव में एक माह पहले हुई मुमताज की हत्या का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुमताज की हत्या उसके बेटे और पोते ने गांव के एक युवक के साथ मिलकर जमीन बेचने का विरोध करने पर की थी। साथ ही मुकदमे में पड़ोस के चार लोगों के नाम लिखवा दिए थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय के अनुसार किरठल गांव के जाहिद ने एक माह पहले मुकदमा दर्ज कराया था कि उसके पिता मुमताज की गांव के ही चार लोगों ने खेत में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव के ही इकबाल, बसीरू, रविन्द्र, मुबारिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले को पहले ही संदिग्ध मान रही थी। पुलिस ने जाहिद के बेटे गुफरान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह और उसका पिता जाहिद खेती की जमीन बेचकर दिल्ली जाना चाहते थे, लेकिन जमीन उसके दादा मुमताज के नाम थी। जब उन्होंने अपने दादा को जमीन बेचने के लिए कहा तो वह झगड़ा करने लगा। इसके पिता जाहिद ने गांव के ही तनवीर को साथ लेकर नलकूप पर मुमताज की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले को रंजिश में हत्या होने का रूप देने के लिए गांव के चार लोगों पर मुकदमा करा दिया। पुलिस ने गुफरान को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।