बागपत। जिले में खेलो इंडिया के तहत न मल्टीपर्पज हॉल बनाया गया। न ही किसान कल्याण केंद्र का निर्माण शुरू हो सका। मल्टीपर्पज हॉल मीतली में निर्माणाधीन है, जबकि बागपत में किसान कल्याण केंद्र बनाया जाना था। इन दोनों के निर्माण पूरा करने का समय भी बीत गया है। इस साल निर्माण पूरा होता नहीं दिख रहा है।
खेलो इंडिया के तहत मीतली में मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण जनवरी 2021 में शुरू किया। इस पर तीन करोड़ 32 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। जिससे वहां खिलाड़ी प्रैक्टिस कर सके और ग्रामीण क्षेत्र से खेल प्रतिभाएं निकल सकें। इसका निर्माण कार्य जुलाई 22 में पूरा होना था, लेकिन इसके लिए केवल 1.66 करोड़ रुपये का बजट मिल सका है। अब बजट नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है।
वहीं, बागपत में किसान कल्याण केंद्र के लिए 80 लाख रुपये के बजट का प्रस्ताव भेजा गया, जिसे सरकार ने मंजूर भी कर दिया। इसमें से 72 लाख रुपये जारी भी किए गए, लेकिन इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारी अभी तक जमीन चिह्नित नहीं कर सके। अब यहां की जगह बड़ौत में किसान कल्याण केंद्र बनवाने की बात कही जा रही है, लेकिन वहां भी अभी तक जमीन नहीं मिली है।
निर्माण कार्य जल्द कराया जाना चाहिए
पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश कुशवाहा का कहना है कि मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण कार्य कभी रुक जाता है तो कभी शुरू हो जाता है। इस तरह काफी धीमी गति से कार्य हो रहा है। जबकि इसका निर्माण पूरा होने का समय भी बीत चुका है। निर्माण कार्य तेजी से होना चाहिए। प्रधान ठाकुर इंद्रपाल सिंह का कहना है कि मल्टीपर्पज हॉल बनने से युवाओं को खेलों की प्रैक्टिस करने के लिए समस्या नहीं होगी। इसलिए इसका निर्माण कार्य जल्द होना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों से बातचीत की गई है।
कोट...
मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण बजट आते ही काफी तेजी से कराया गया था। लेकिन अब बजट खत्म हो चुका है और बजट मिलते ही निर्माण कार्य तेजी से कराया जाएगा। इसके लिए शासन को पत्र भेजे गए है। - नरेंद्र सिंह, युवा कल्याण अधिकारी
मास्टर रमेश कुशवाहा- फोटो : BAGHPAT
मीतली गांव में निर्माणाधीन मल्टीपर्पज हॉल।- फोटो : BAGHPAT