बागपत। सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने जिले में खराब होती स्टेडियमों की हालत सुधारने के लिए कदम बढ़ाया है। सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है कि मवीकलां में कई साल पहले खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने लाखों रुपये की लागत से एक स्टेडियम बनवाया था। मगर, उस स्टेडियम की हालत देखरेख के अभाव में खराब हो गई है। उसकी साफ-सफाई नहीं होने के कारण गंदगी का अंबार लगा है, जिससे वहां खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर सकते है। इसलिए मवीकलां के स्टेडियम का जीर्णोद्धार कराने की मांग की है। इसके साथ ही जनता वैदिक कालेज बड़ौत में एथलीटों के लिए एक सिंथेटिक ट्रैक बनवाने की मांग की गई है।