पुरा महादेव मंदिर में विधायक योगेश धामा को सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह के सुरक्षा कर्मी ने मुख्य पुजारी के कमरे में जाने से रोकने पर हंगामा हो गया। वहीं सुरक्षा कर्मी से नोकझोंक हुई तो कार्यकर्ता भी पहुंच गया। हंगामा बढ़ता देखकर डीएम राजकमल यादव को कमरे से बाहर आना पड़ा और मामला शांत कराकर विधायक को अंदर लेकर गए।
पुरा महादेव मंदिर में झंडा पूजन के बाद सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह व विधायक योगेश धामा ने लाइन में लगे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इसके बाद सांसद जलाभिषेक करने के लिए गए तो उनके जाते ही सुरक्षाकर्मी ने गेट बंद कर दिया। जिससे विधायक बाहर रह गए। हंगामा होने पर गेट खोलकर जलाभिषेक कराया गया, तो सांसद वहां से मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा के कमरे में चले गए।
यह भी पढ़ें: टिकैत के गांव में मातम: घर से हंसते हुए गया था सेना का जवान, मौत से मचा कोहराम, सदमे में पत्नी बेहोश, तस्वीरें
विधायक योगेश धामा भी अंदर जाने लगे, लेकिन उनको व समर्थकों को सांसद के सुरक्षा कर्मी ने रोक दिया। इस पर विधायक भड़क गए और सांसद के सुरक्षा कर्मी से नोकझोंक होने लगी। विधायक ने कहा कि मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस कर्मियों की है, जिनकी वहां ड्यूटी लगाई गई है। किसी के साथ आए सुरक्षा कर्मियों की वहां की कोई जिम्मेदारी नहीं है। विधायक के समर्थक भी वहां पहुंच गए और उनको रोकने का विरोध जताने लगे। कमरे में बैठे डीएम राजकमल यादव बाहर हंगामा होने का पता चलने पर पहुंचे और विधायक को अंदर लेकर गए। उसके बाद ही मामला शांत हुआ।