बागपत में बस अड्डे के लिए परिवहन मंत्री दयाशंकर से मुलाकात करते सांसद डॉ.सत्यपाल सिंह
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। जिला मुख्यालय पर बस अड्डा बनवाने के लिए सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह शुक्रवार को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मिले। बस अड्डा नहीं होने पर यात्रियों की समस्याओं के बारे में परिवहन मंत्री को बताया और उसका निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए कहा गया।
बागपत को जिला बने हुए 25 साल बीत चुके है, लेकिन इसके बावजूद यहां बस अड्डा नहीं बन सका है। यात्रियों को काफी परेशानी होती है और बसों के लिए भटकना पड़ता है। यहां बस अड्डे के लिए पहले जमीन तक नहीं मिल रही थी और पिछले साल ही चमरावल रोड पर दुड़भा गांव के पास बस अड्डे के लिए जमीन चिह्नित की गई। राजकीय महाविद्यालय की उस जमीन को बस अड्डा बनाने के लिए उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के नाम स्थानांतरित किया गया। अब बस अड्डे का निर्माण शुरू नहीं हो रहा है तो इसको लेकर ही सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह शुक्रवार को लखनऊ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मिले। उनको पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए बस अड्डे का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की गई। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जल्द कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।