खेकड़ा। दुर्गा सप्तमी पर श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के मंदिरों में धर्म आस्था के साथ मां दुर्गा के सप्तम स्वरूप कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ उठाया। दिन भर मंदिरों में पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
रविवार को खेकड़ा क्षेत्र के मंदिरों में दुर्गा सप्तमी पर श्रद्धालुओं ने मंदिरों के साथ ही घरों में भी मां दुर्गा के सप्तम स्वरूप कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना की। मोहल्ला औरंगाबाद, चक्रसेनपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, बाबा काले सिंह मंदिर, शिव मंदिर अहिरान, सदा शिव शक्ति मंदिर रामपुर, मंशा देवी मंदिर बड़ागांव, बालाजी आश्रम डूंडाहैड़ा समेत सभी मंदिरों में सुबह पांच बजे से ही भजन कीर्तनों के बीच श्रद्धालु मां दुर्गे की पूजा-अर्चना में लीन हो गए। दिन भर मंदिरों में पूजा-अर्चना का कार्य विधि विधान पूर्वक चलता रहा। मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर धर्म लाभ उठाया।