एक मकान में 50 से ज्यादा तक वोट बनी
बागपत। शहर में एक-एक मकान नंबर पर 50 से ज्यादा वोट बने हुए होने का मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत अधिकारियों से की गई है। वहीं फर्जी आधार कार्ड से वोट बनाने की शिकायत होने पर अब उनके नगर पालिका से जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने का आरोप भी लगा है। इस मामले की शिकायत होते ही डीएम ने जांच कराने के निर्देश दिए है।
सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर ने डीएम को शिकायत देते हुए बताया कि बागपत शहर में वार्ड चार में कई ऐसे मकान नंबर है, जिनमें 50 से ज्यादा तक वोट बनी हुई है। वहीं ऐसा भी मकान है, जिसके नंबर के साथ अ और ब लगाकर डेढ़ सौ से ज्यादा वोट बना दी गई। इन सभी की जांच कराने की मांग की गई। इसके अलावा आरोप लगाया गया है कि फर्जी आधार कार्ड बनाकर नाबालिगों को बालिग दिखाते हुए वोट बनाने की शिकायत की गई थी। जिसकी शिकायत होने के बाद उन फर्जी आधार कार्ड वालों के जन्म प्रमाण पत्र नगर पालिका से बनाने शुरू कर दिए गए है। इस तरह नगर पालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों पर आरोप लगे हैं। इसमें डीएम राजकमल यादव ने जांच कराने के निर्देश दिए है, जिससे पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।