गैंगस्टर गौरव की 14.30 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क
बड़ौत। गांधी रोड पर इमली वाली गली में कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर की बृहस्पतिवार को 14.30 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की है। गैंगस्टर के खिलाफ बड़ौत कोतवाली में लूट और अपहरण सहित अन्य आपराधिक घटनाओं के लगभग दो से तीन मुकदमे दर्ज है।
सीओ सविरत्न गौतम बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस के साथ गांधी रोड पर इमली वाली गली में पहुंचे। जहां डीएम के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई। उन्होंने गैंगस्टर गौरव पुत्र वीरेंद्र का 166.40 वर्ग मीटर जमीन में बना मकान कुर्क किया। सीओ ने बताया कि गैंगस्टर गौरव की 14.30 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। उसके खिलाफ लूटपाट व अपहरण में बड़ौत कोतवाली में लगभग तीन मुकदमे दर्ज है।
लोहा व्यापारी के अपहरण का मुख्य आरोपी था गैंगस्टर गौरव
बड़ौत। 26 अक्तूबर 2020 में खत्री गढ़ी निवासी लोहा व्यापारी आदेश जैन का गोदाम पर जाते समय अपहरण कर लिया गया था। जिसके बाद पुलिस ने आठ आरोपियों को इस अपहरण में गिरफ्तार किया था। गौरव पुत्र वीरेंद्र सिंह इस घटना का मुख्य आरोपी था। संवाद