बागपत। बकरीद पर्व से पहले दिन बाजार में बकरों के दामों में खूब उछाल देखने को मिला। बाजार में शनिवार को बकरों की खूब बोली लगी। चांद 70 हजार तो शान 65 हजार रुपये में बिका। इसके अलावा 786 लिखे बकरों की खूब मांग रही। शनिवार सुबह से ही बाजारों में खरीदारी करने वालों की काफी भीड़ रही। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा।
बकरीद पर्व को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। जिसके चलते बकरीद पर्व से पहले दिन बाजार में खरीददारी के लिए भारी भीड़ उमड़ गई। जहां लोगों ने खूब खरीददारी रही। इसके अलावा बकरीद पर्व पर कुर्बानी के लिए बकरों की खरीदारी भी की गई। उधर बकरे बेचने वाले भी बाजार में जगह-जगह खड़े होकर ग्राहकों से मोलभाव करते दिखे।
पुराने कस्बे के घोसियान मोहल्ले के रहने वाले व्यापारी समीर ने बताया कि वह तोतापरी नस्ल के कई बकरे लेकर बाजार में आया था। जहां तोतापरी बकरों की खूब बिक्री रही। जहां उसका बकरा चांद की कई ग्राहकों ने बोली लगाई, जो 70 हजार रुपये में बिका। इसके अलावा उसका बकरा शान 65 हजार रुपये में बिका। समीर ने बताया कि बाजार में तोतापरी नस्ल के बकरे 60 हजार रुपये व गुलाबी नस्ल के बकरे 25-30 हजार रुपये में बिके।
बाजार में खूब हुई खरीदारी, व्यापारियों के चेहरे खिले
बकरीद पर्व की तैयारियों को लेकर पिछले कई दिन से बाजार में खरीदारी चल रही है। बकरीद पर्व से पहले दिन बाजार में खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। जिसमें कपड़े, जूतों से लेकर कॉस्मेटिक की दुकानों व किराना दुकानों पर बंपर खरीदारी की गई। जिससे व्यापारियों के चेहरे भी खिल गए। उधर देर रात तक बाजार में भीड़भाड़ रही।
--------
पुलिस अलर्ट, बाजार में पैदल गश्त किया
बकरीद पर्व से पहले दिन बाजार में पुलिस अलर्ट रही, जिसके चलते दिनभर पुलिसकर्मी बाजार में घूमते रहे। इसके अलावा शाम के समय पुलिस अधिकारियों ने पैदल गश्त किया। साथ ही लोगों से बातचीत भी की। बकरीद पर्व पर रविवार को भी पुलिस अलर्ट रहेगी। उधर एसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी है।
सुबह सात बजे अदा होगी बकरीद की नमाज
शहरकाजी हबीबुर्रहमान ने बताया कि बकरीद की नमाज रविवार सुबह सात बजे ईदगाहों में अदा की जाएगी। उन्होंने लोगों से बकरीद की नमाज में देश में अमन की दुआ मांगने की अपील की।
बागपत के पांडव रोड पर बकरे खरीदते हुए- फोटो : BAGHPAT