अमीनगर सराय। भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर युवा जिलाध्यक्ष शशांक मलिक की मां सुनीता मलिक के निर्दलीय नामांकन करने पर घरेलू विवाद बढ़ता जा रहा है। विधायक योगेश धामा व जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर के नामांकन वापस के लिए मनाने पर भी वह नहीं मानी तो उनका युवा जिलाध्यक्ष बेटा भी विधायक के साथ घर से चला गया।
भाजपा ने रालोद से आने वाले पूर्व चेयरमैन मांगेराम यादव को प्रत्याशी बनाया है। जबकि युवा जिलाध्यक्ष शशांक मलिक की मां सुनीता मलिक भी टिकट मांग रही थी। भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर सुनीता मलिक ने निर्दलीय नामांकन किया था।
जिसको लेकर घर में विवाद हुआ और युवा जिलाध्यक्ष शशांक मलिक ने भाजपा का साथ देने की बात कही थी। वहीं अब बृहस्पतिवार को विधायक योगेश धामा व जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर भी सुनीता मलिक को नामांकन वापसी के लिए मनाने पहुंचे। उनके कुछ देर बाद ही युवा जिलाध्यक्ष शशांक मलिक भी वहां पहुंच गए।
उन सभी ने सुनीता मलिक को नामांकन वापसी के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने साफ इन्कार करते हुए चुनाव लड़ने की बात कही। जिस पर विवाद ज्यादा बढ़ गया और विधायक के साथ ही युवा जिलाध्यक्ष शशांक मलिक भी घर से चले गए। इस तरह चुनाव को लेकर घरेलू विवाद बढ़ता जा रहा है।