खेकड़ा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर तीन बदमाशों ने ट्रक चालक से नकदी और सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर उसे पिटाई कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सोनीपत के अस्पताल में भर्ती कराया।
सोनीपत के गन्नौर निवासी सतबीर सिंह मंगलवार रात ट्रक लेकर कुंडली से गाजियाबाद जा रहा था। जब वह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर यमुना पुल के पास पहुंचा। वहां खड़े तीन बदमाशों नेे सतबीर का ट्रक रुकवाकर अपने आपको ट्रक चालक और परिचालक बताते हुए कहा कि हमारा ट्रक खराब हो गया है। गाजियाबाद सामान लेने जाना है, जिसपर सतबीर ने उनको ट्रक में बैठा लिया। ट्रक चलते ही उन्होंने चालक सतबीर को चाकू दिखाकर सोने की चेन और 12 हजार की नकदी लूट ली। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर घायल कर दिया और ट्रक रुकवाकर भाग गए। पीड़ित ने फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची हरियाणा पुलिस ने एक्सप्रेस वे के पास खेताें में बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं मिला। पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए सोनीपत के अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी राजवीर सिंह का कहना है कि घटना हरियाणा की तरफ की है और वहां की पुलिस ही इसमें छानबीन कर रही है।