बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर काठा गांव के पास बुधवार रात सांड़ से टकराने पर सब्जी से लदा मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें सवार 9 किसान घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। दो किसानों की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
दौझा गांव के रहने वाले चालक वकील ने बताया कि वह मिनी ट्रक में गांव से सब्जी लादकर दिल्ली की आजादपुर सब्जी मंडी जा रहा था। जब वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर काठा गांव के पास पहुंचा, तभी एक सांड़ अचानक दौड़ता हुआ हाईवे पर आ गया और उनके मिनी ट्रक से टकरा गया। जिससे मिनी ट्रक अनियंत्रित हो गया और हाईवे पर पलट गया। हादसे में मिनी ट्रक में सवार दौझा निवासी पंकज, चालक वकील, सतपाल, सोनू, प्रवीण, विकास समेत 9 किसान घायल हो गए। उनको तुरंत ही जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल सन्नी व सोनू की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि घायलों की हालत में सुधार है।