अब प्राथमिक स्तर पर 5.45 रुपये और उच्च प्राथमिक स्तर पर 8.17 रुपये हुई राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। स्कूलों छात्रों को मिलने वाले मिड-डे-मील की राशि बढ़ाई गई है। प्राथमिक स्तर पर एक रुपये 28 पैसे और उच्च प्राथमिक स्तर पर 72 पैसे प्रति छात्र बढ़ाए गए हैं। शासनादेश जारी होते ही विभाग की ओर से बढ़ी हुई धनराशि स्कूलों के खातों में भिजवाई जाएगी।
कक्षा एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को स्कूल में ही मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाता है। शासन स्तर से अभी तक एक छात्र के लिए प्राथमिक स्तर पर चार रुपये 17 पैसे और उच्च प्राथमिक स्तर पर प्रति छात्र सात रुपये 45 पैसे दिए जाते थे। अब इस राशि में बढ़ोतरी की गई है। शासन ने प्राथमिक स्तर पर एक रुपये 28 पैसे की बढ़ोतरी कर राशि पांच रुपये 45 पैसे कर दिए हैं, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर पर 72 पैसे की बढ़ोतरी कर राशि आठ रुपये 17 पैसे कर दिए हैं। शासन स्तर से शासनादेश जारी होते ही स्कूलों के खातों में बढ़ी हुई राशि भिजवाई जाएगी।
ऐसे मिलेगी राशि
बच्चों को मिड-डे-मील के लिए प्राथमिक स्तर पर 3.27 रुपये केंद्र सरकार और 2.18 रुपये राज्य सरकार से व्यवस्था कराई जाएगी। उच्च प्राथमिक स्तर पर 4.90 रुपये और राज्य स्तर से 3.27 रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।
वर्जन
स्कूलों में बच्चों को मिलने वाली मिड-डे-मील राशि बढ़ाई गई है। प्राथमिक स्तर पर 5.45 रुपये और उच्च प्राथमिक स्तर पर 8.17 रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।-फरजान शैरफ, जिला समन्वयक मध्याह्न भोजन प्राधिकरण