बागपत। महिलाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग योजनाएं चलाई जा रहीं हैं। एनआरएलएम की ओर से सूक्ष्म उद्यम सखी योजना के तहत उद्यम सखियों का चयन कर महिलाओं को उद्यमी बनाया जाएगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है।
जिले में बागपत, पिलाना, खेकड़ा, बिनौली, बड़ौत व छपरौली ब्लॉक हैं। शासन की ओर से एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) विभाग को जिले के सभी छह ब्लॉकों में 150 सूक्ष्म उद्यम सखी के चयन करने का लक्ष्य दिया गया है। शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक से आत्मनिर्भर बनाया जाए। वह घर पर ही रहकर अपना छोटा उद्यम शुरू करें। इससे उनको घर बैठे आजीविका का साधन मिल जाएगा। इससे वह अपने परिवार को भी आर्थिक रूप से योगदान दे सकती हैं। जिसका लाभ उनके पूरे परिवार को मिलेगा।
इसी के तहत सूक्ष्म उद्यम सखी की कवायद की जा रही है। वहीं विभाग की ओर से ब्लॉकवार सूक्ष्म उद्यम सखी के चयन की कवायद शुरू कर दी गई है। सूक्ष्म उद्यम सखी अपने गांव व क्षेत्र में महिलाओं को सरकारी योजनाओं, उद्यमिता के लाभ व सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्योग के तहत उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रदान करेंगी। इसके लिए अभी तक 130 आवेदन आ चुके हैं। एनआरएलएम उपायुक्त राहुल वर्मा ने बताया कि सभी ब्लॉक में आवेदन आ रहे है और जल्द ही परीक्षा कराकर सखियों का चयन किया जाएगा। इसमें समूह से जुड़ी इंटरमीडिएट पास महिला सदस्य आवेदन कर सकती हैंं।