संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। सभासदों ने नगर में खुलेआम बिक रहे चीन के मांझे पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने इस संबंध में उप जिलाधिकारी और निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
सभासदों ने कहा कि चीनी मांझे की चपेट में आने से लोग आए दिन घायल हो रहे हैं। उन्होंने इसकी बिक्री और इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में रमेश शर्मा, प्रमोद शर्मा, रेनू तोमर, समीना तोमर, रॉबिन कश्यप, शाहिन चौधरी और राकेश जैन प्रमुख थे। सभासदों ने पहले तहसील में उप जिलाधिकारी बालकृष्ण सिंह से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने कोतवाली में निरीक्षक दीक्षित कुमार त्यागी को ज्ञापन सौंपा। उप जिलाधिकारी बालकृष्ण सिंह ने दुकानों पर छापा मारकर मांझा बेचने वालों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।