बागपत। अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का सदस्य मनोज निवासी मुकारी बुधवार रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया, जिसका पुलिस ने जिला अस्पताल में उपचार कराया। उसने अन्य दो साथियों मोनू निवासी समस्तीपुर बिहार व हाल निवासी खेवड़ा सोनीपत और विक्की निवासी मुकारी के नाम बताए तो पुलिस ने उनको गिरफ्तार किया।
एएसपी एनपी सिंह ने बताया कि बुधवार रात मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने नौरोजपुर-सूजरा मार्ग पर बाइक चोर गिरोह के सदस्य की घेराबंदी की। जहां उसके साथ मुठभेड़ हो गई और चोर मनोज गोली लगने से घायल हो गया। मनोज ने अपने साथियों मोनू व विक्की के नाम बताए तो उनको गिरफ्तार पूछताछ के बाद कलक्ट्रेट के सामने न्यू बागपत काॅलोनी के खंडहर से दस बाइकें और एक स्कूटी बरामद की गई।
बरामद की गई बाइकें और स्कूटी बागपत, दिल्ली समेत अन्य जगहों से चोरी की गई थी। इसमें चार बाइके बागपत और चार बाइकें दिल्ली से चोरी होना पाया गया। चोरों से बाइक-स्कूटी के अलावा दो तमंचे, कारतूस भी बरामद किए गए।
-
इन घटनाओं का हुआ खुलासा
एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि राजपुर खामपुर गांव के दीपक ने नौ फरवरी को बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा पूठड गांव के मोहम्मद इकबाल की 21 फरवरी, गौतम निवासी सूरजपुर महनवा की 21 अप्रैल को बाइक चोरी कर ली गई थी। पूछताछ में चोरों ने बताया कि चोरी की बाइकों को सस्ते दामों में किसी को भी बिना कागजों के बेच देते थे।