संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। जनपदवासियों को अब ट्रांसफार्मर के लिए मेरठ दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, क्योंकि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित सीटीआर वर्कशाप का विस्तारीकरण कार्य शुरू हो गया है। रविवार को मेरठ से पहुंचे अधिशासी अभियंता ने निरीक्षण कर विस्तारीकरण के कार्य की जांच की और कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने की हिदायत दी।
मेरठ से अधिशासी अभियंता अरुणेंद्र कुमार राव सीटीआर वर्कशाप पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने सबसे पहले गर्मी सीजन को देख प्राथमिकता के आधार पर कर्मचारियों को 24 घंटे में विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सीटीआर पर रखा शिकायती रजिस्ट्रर, फूंके ट्रांसफार्मर आने और फूंके ट्रांसफार्मर के बदले नया ट्रांसफार्मर देने के लिए बनाए आउट और एंट्री रजिस्टर की जांच की। हालांकि रजिस्टर में सब कुछ ठीक पाया।
इसके बाद उन्होंने सीटीआर वर्कशाप के शुरू हुए विस्तारीकरण कार्य की जांच की और कर्मचारियों को हिदायत दी कि यह कार्य जल्द से जल्द पूरा हो। सहायक अभियंता प्रवेश गिरी ने बताया कि पहले ट्रांसफार्मर के लिए यहां के किसानों को मेरठ जाना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। विस्तारीकरण के कार्य से यहां के किसानों को राहत मिलेगी। बताया कि लगभग 60 लाख रुपये से यह कार्य किया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद निगम के मेरठ से ट्रांसफार्मर लाने के नाम पर लाखों रुपये हर साल बचेंगे। साथ ही हापुड़, शामली, सहारनपुर, बुलंदशहर, थानाभवन, गाजियाबाद के अतिरिक्त अन्य कई जनपदों को यहीं से ही विद्युत ट्रांसफार्मर सप्लाई किए जाएंगेे। इस अवसर पर अवर अभियंता आलम भी मौजूद रहे।