बागपत, बिनौली। मेरठ-बागपत मार्ग पर बरनावा गांव के पास स्काॅर्पियो में सवार युवकों ने मेरठ के रसूलपुर रोहटा के परिवार पर हमला किया। शोर सुनकर ग्रामीणों के वहां आने पर आरोपी अपनी स्काॅर्पियो गाड़ी छोड़कर भाग गए। इसके बाद वहां पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्काॅर्पियो कार कब्जे में लेकर सीज कर दी और जांच शुरू कर दी।
मेरठ जिले के रसूलपुर रोहटा में रहने वाले जितेंद्र अपनी पत्नी, मौसी और बच्चों को कार में लेकर फतेहपुर पुट्ठी गांव आए थे। बृहस्पतिवार शाम वापस लौटते समय जैसे ही वह मेरठ-बड़ौत मार्ग पर बरनावा के पास पहुंचे तभी वहां काली स्काॅर्पियो में सवार चार-पांच युवकों ने उनके साथ अभद्रता की। इसके बाद स्काॅर्पियो आगे लगाकर उन्हें रोककर मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव कराने पर महिलाओं से अभद्रता भी की गई। मारपीट में जितेंद्र व अन्य घायल हो गए।
शोर सुनकर बरनावा के ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे। उन्हें देखते ही हमलावर स्कॉर्पियो को छोड़कर भाग गए। जितेंद्र ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में सीओ हरीश भदौरिया का कहना है कि घटना की तहरीर मिलने पर जांच शुरू कर दी गई है। हमलावरों की स्काॅर्पियो गाड़ी सीज कर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।