खेकड़ा। सांकरौद गांव के साबुदीन हत्याकांड में गवाह मस्जिद के मौलाना को दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर रोककर आठ-दस नकाबपोश लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। इस घटना के विरोध में लोगों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। उधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
सांकरौद गांव की मस्जिद के मौलाना फिरोज ने बताया कि सोमवार शाम वह बाइक से लोनी से वापस लौट रहा था। जब वह दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर हसनपुर मसूरी गांव के पास पहुंचा तो वहां खड़े आठ दस नकाबपोशों ने उसकी बाइक रुकवाकर लाठी डंडों से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। वहां पहुंची पुलिस ने खेकड़ा सीएचसी में उपचार कराया।
मौलाना ने बताया कि गांव में 29 जनवरी 2024 को हुई साबुदीन की हत्या में वह गवाह है और अब जल्द ही गवाही होने वाली है। जिसमें उस पर कुछ लोग लगातार गवाही न देने का दबाव भी बना रहे हैं। मौलाना ने पांच लोगों को नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, पुलिस का कहना है कि घायल का उपचार कराने के बाद जांच शुरू कर दी गई है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।