-तहरीर मिलने पर पुलिस ने पति समेत छह ससुराल वालों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। निवाड़ा गांव में विवाहिता ताहिरा पर ससुराल वालों ने डंडों और चाकू से हमला कर घायल कर दिया। वह शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करने पहुंची और अफसरों के सामने बेहोश होकर गिर गई। इसको लेकर तहसील में हंगामा खड़ा हो गया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
निवाड़ा की ताहिरा ने बताया कि 30 अप्रैल की दोपहर उसका देवर नसीम घर आकर गाली-गलौज करने लगा। उसने गाली-गलौज का विरोध किया तो ससुराल वाले देवर के पक्ष में आ गए। इसके बाद पति नदीम, आमिर, साकिर, मरियम, आइसा ने लाठी-डंडों और चाकू से उस पर हमला कर दिया। हाथ में चाकू लगने से ताहिरा घायल हो गई।
शोर सुनकर वहां आए पड़ोसियों ने किसी तरह उसे बचाया तो ससुराल वालों ने जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। उधर संपूर्ण समाधान दिवस में बेहोश हुई विवाहिता का सीएचसी में उपचार कराया और उसके पति को पुलिसकर्मी पकड़कर कोतवाली ले गए।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर नदीम, नसीम, आमिर, साकिर, मरियम, आइसा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।