खेकड़ा। नगर के मोहल्ला औरंगाबाद शेखपुरा स्थित कंटेनमेंट जोन में कोरोना को हराने वाले सब्जी आढ़ृती के पड़ोस में रहने वाली एक विवाहिता की अचानक मौत हो गई। इससे मोहल्ले के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृतका और उसके परिजनों के सैंपल लिए। इसके बाद परिजनों ने मृतका के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, मृतका के पति का कहना है कि वह पिछले कई महीनों से टीबी की बीमारी से ग्रसित थी। एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां उसका इलाज भी चल रहा था। उधर, कोविड अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ ताहिर का कहना है की मृतका और उसके परिजनों के सैंपल लेकर भिजवाए गए है। जांच रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहा जा सकेगा।