बागपत/बड़ौत/खेकड़ा/बिनौली/चांदीनगर। जीएसटी टीम के छापा मारने की सूचना से शनिवार को दिन भर व्यापारियों में अफरातफरी रही। बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, रटौल, बिनौली में व्यापारियों ने दुकानों को बंद कर दिया, जिससे बाजार सूना रहा। बड़ौत में व्यापारियों ने प्रदर्शन कर टीम पर व्यापारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया और निकाय चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी।
पिछले कई दिनों से जीएसटी की टीम बाजारों में जाकर दुकानदारों के यहां सर्वे कर रही है। टीम की इस कार्रवाई के कारण व्यापारी दुकान खोलने से डर रहे हैं। दुकानें बंद होने से जहां व्यापार प्रभावित हो रहा है, वहीं बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को जीएसटी की टीम के छापे की सूचना पर बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, रटौल, बिनौली में बाजार बंद रहा। दुकानदार दुकानों के शटर डालकर बाहर बैठे रहे तो बाजार में एक-दो दुकान का आधा शटर खुला रहा। दुकानें बंद होने से बाजारों में दिन भर सन्नाटा छाया रहा।
-----
बागपत में कुछ दुकानें खुली तो कुछ ने अचानक बंद की
जीएसटी टीम के छापे की सूचना पर बागपत का सराफा बाजार, बड़ा बाजार और शौकत मार्केट बंद रहा। कुछ व्यापारी दुकानें बंद कर बाहर बैठे रहे तो कुछ दुकानें खुली रहीं। सभी दुकानें दोपहर को अचानक बंद कर दी गई, जब टीम आने की अफवाह फैल गई। दुकानदार दुकानों को बंद करके भागने लगे।
----
बड़ौत में जीएसटी टीम की कार्रवाई का विरोध
बड़ौत में किताबों वाली गली, घट्टा बाजार, बावली रोड, नेहरू मूर्ति, संजय मूर्ति, कोताना रोड का बाजार बंद रहा। बाजार में दिन भर सन्नाटा छाया रहा। इंडस्ट्रीज ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन व बड़ौत व्यापार संगठन के पदाधिकारियों के साथ ही व्यापारियों ने विरोध जताया। उन्होंने जीएसटी टीम की कार्रवाई के विरोध में हंगामा कर व्यापारियों का उत्पीडन करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही कार्रवाई बंद नहीं होने पर निकाय चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी गई। विरोध करने वालों में डॉ. योगेश कुमार जिंदल, प्रमोद बंसल, मनोज कुमार जैन, नीरज कुमार जैन उर्फ नीटू, राजीव अग्रवाल, डॉ. राजीव गुप्ता, निपुण गुप्ता, बिजेंद्र कश्यप, प्रेमपाल कश्यप, रोबिन गोयल, अंकुर, कृष्णा गोयल, रविंद्र, अजय अग्रवाल, बड़ौत व्यापार संगठन के अध्यक्ष अंकुर जैन, नवीन जैन, मनोज मौजूद रहे।
----
खेकड़ा में अधिकतर दुकान बंद रही
खेकड़ा में जीएसटी की टीम की छापे की सूचना को लेकर असर दिखाई दिया। टीम की सूचना पर कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी तो कुछ दुकानें खुली रही। कस्बे के मैन बाजार के अलावा रेलवे रोड बाजार और जैन कालेज मार्केट में कुछ दुकानें खुली रही, जबकि कुछ दुकानें दिन भर बंद रहीं।
----
रटौल में दुकानदारों में मचा हड़कंप
रटौल कस्बे में जीएसटी टीम के छापा मारने की सूचना से दुकानदारों में दिन भर हड़कंप मच गया। कस्बे के मैन बाजार के अलावा रटौल-लोनी मार्ग की दुकानें बंद रही। कुछ दुकानदार दुकानों का शटर डालकर दुकानों के बाहर बैठे रहे तो कुछ दुकानदारों ने दिन भर अपनी दुकानें बंद रखी। शनिवार को चाय और किराना की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानें बंद रही।
----
बिनौली और बरनावा का बाजार भी बंद रहा
जीएसटी की टीम के छापा मारने की सूचना पर शनिवार को बिनौली और बरवाला का बाजार भी बंद रहा। दुकानदार दुकान बंद कर भाग गए। दोपहर में कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोली मगर कुछ देर बाद फिर से बंद कर दी।
-----