बागपत, अमीनगर सराय। ग्वालीखेड़ा गांव के मनोज की हत्या उसके ही दोस्त ने शराब पिलाकर की थी। वह मृतक मनोज की पत्नी से एकतरफा प्यार करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या कर खुलासा कर दिया।
खिंदौड़ा-रामनगर मार्ग पर स्थित आम के बाग में 31 जुलाई को एक युवक का शव मिला था, जिसकी पहचान ग्वालीखेड़ा निवासी मनोज के रूप में हुई। मृतक के भाई अमित ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि मनोज की हत्या ग्वालीखेड़ा गांव के ही किशोर ने बेल्ट से गला दबाकर की थी। वह मनोज की पत्नी से एकतरफा प्यार करता था। जिसके लिए मनोज के साथ दोस्ती का नाटक करके उसे आम के बाग में ले गया और शराब पिलाने के बाद हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बेल्ट भी बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।