बागपत। निकाय चुनाव से पहले बागपत में जनसेवा केंद्र पर फर्जी आधार कार्ड के सहारे वोट बनाने का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने एक जनसेवा केंद्र पर छापा मारा। जहां सैकड़ों बने और अधूरे आधार के साथ ही वोटर कार्ड मिले हैं। पुलिस ने जनसेवा केंद्र संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं एक अन्य जनसेवा केंद्र संचालक पर भी फर्जी वोट व अन्य कागज बनाने के मामले में कार्रवाई की तैयारी है।
एसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि कोर्ट रोड पर दानिश जनसेवा केंद्र पर नगर निकाय चुनाव को देखते हुए लोगों के फर्जी आधार कार्ड व फर्जी वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड बनाकर अपने पास रखे हुए हैं। पुलिस ने छापा मारा, तो वहां से काफी खाली, बने हुए आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड बरामद हुए हैं।
एसपी के अनुसार उन सभी को निकाय चुनाव के लिए फर्जी वोट बनाने व चुनाव में वोट डालने में इस्तेमाल करने के लिए रखा हुआ था। उस जनसेवा केंद्र का मालिक कोर्ट रोड पर सोनीपत बस स्टैंड के पास रहने वाला दानिश है। उसके खिलाफ कस्बा चौकी प्रभारी की तरफ से धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
--
ये सामान हुआ बरामद
भारत सरकार और आयकर विभाग लिखे सात पैन कार्ड ब्लैंक, चार प्रिंट हुए पैन कार्ड, 12 पीवीसी कार्ड ब्लैंक, 20 वोटर कार्ड बने हुए, सरकार के लोगो लगे व निर्वाचन क्षेत्र लिखे 19 वोटर कार्ड अधूरे, नौ आधार कार्ड अधूरे बने, आधार कार्ड लिखे हुए 38 पीवीसी कार्ड ब्लैंक, 27 आधार कार्ड अलग-अलग लोगों के बने हुए बरामद हुए हैं।
--
सांसद प्रतिनिधि भी कर चुके हैं शिकायत
जहां पुलिस ने छापा मारकर निकाय चुनाव के लिए फर्जी वोट बनाने का खेल पकड़ा है। वहीं इस मामले में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर भी डीएम से फर्जी वोट बनाने की शिकायत कर चुके हैं। प्रदीप ने डीएम से बताया था कि बागपत में चार से पांच हजार वोट फर्जी बनाई गई है। इसके लिए जनसेवा केंद्रों पर फर्जी आधार कार्ड बनाए जाते हैं और उनके सहारे फर्जी वोट बना दी जाती है। इस तरह से जिस-जिस की फर्जी आधार कार्ड पर वोट बनी हुई है, उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होगा।