रमाला शुगर मिल में किसान व मिल अधिकारियों की बैठक लेते डीएम राजकमल यादव
- फोटो : BAGHPAT
रमाला। डीएम राजकमल यादव ने बुधवार को सहकारी चीनी मिल रमाला में पहुंचकर किसानों ओर मिल अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मिल अधिकारियों से किसानों का जल्द भुगतान करने और नया पेराई सत्र समय पर शुरू करने, किसानों की सुविधा के लिए अधिक से अधिक तौल केंद्र शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने किसानों की समस्या भी सुनी। उन्होंने मिल के प्रबंधक शादाब असलम को नए पेराई सत्र के लिए नए गन्ना क्रय केंद्र चिह्नित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि गन्ना तौल के लिए किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समय पर गन्ने की तौल के लिए केंद्रों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने किसानों का बेसिक कोटा बढ़ाने और मिल के सुपरवाइजर को किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए कहा। उन्होंने गांव स्तर पर किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए रजिस्टर मेंटेन करने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने मिल प्रबंधन को किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान जल्द कराने और मिल परिसर में किसानों को बैठने के लिए बेंच बनवाने, ट्राली /बोगी यार्ड में सर्दी से बचाव की व्यवस्था करने और पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिए। बैठक में गन्ना विकास अधिकारी अजय कुमार यादव, सुमित पंवार, मिल के पूर्व उपसभापति रविंद्र मुखिया व किसान मौजूद रहे।