पदक जीतने के बाद खुशी मनाते मधु वेदवान और सचिन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
धनौरा गांव की तीरंदाज बेटी मधु वेदवान ने ताईवान में खेली जा रही एशियन चैंपियनशिप की टीम स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। टीम इंडिया की तीन बेटियों ने रिकर्व में 180 में से 165 का स्कोर हासिल किया।
ताईवान में तीरंदाजी की एशियन चैंपियनशिप खेली जा रही है। शनिवार को भारतीय महिला धर्नुधरों ने रिकर्व में सटीक निशाने साधे। फाइनल में धनौरा गांव की मधु वेदवान के अलावा अन्य दो खिलाड़ी अंकिता और प्रमिला की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। तीनों ने 180 में से 165 का स्कोर किया, जबकि ताईवान की टीम केवल 159 स्कोर तक ही पहुंची।
स्वर्ण पदक से धनौरा गांव में खुशी का माहौल है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी मधु ने स्वर्ण पदक जीता था। भारतीय टीम के कोच सचिन वेदवान ने कामयाबी पर खुशी जताई। तीरंदाजी संघ बागपत के संरक्षक सुनील पंवार ने कहा जिले के लिए यह गौरव की बात है।
वहीं स्वर्ण पदक जीतने के बाद उत्साहित मधु वेदवान ने कहा वह व्यक्तिगत स्पर्धा में भी पदक जीतने की पूरी कोशिश करेगी। उनके लिए बेहद खुशी का अवसर है। पहला लक्ष्य पूरा हुआ अब वह दूसरे लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली मधु वेदवान से अभी एक और पदक की उम्मीद है। व्यक्तिगत स्पर्धा का उनका मुकाबला सोमवार को खेला जाएगा। इसमें भी गोल्ड की उम्मीद है।