बागपत/बड़ौत/खेकड़ा। कोरोना संक्रमण काल में आमजन को बीमारी से बचाने के लिए सैनिटाइजर मशीनें लगवाई गई थी। विभागों में पहुंचने वाले कर्मचारियों और आमजन को भी सैनिटाइज किया जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं किया जा रहा है। हेल्प डेस्क पर बैठे कर्मचारी खुद भी मास्क नहीं लगा रहे हैं। रजिस्टर में आगंतुक की एंट्री जरूर की जाती है, लेकिन सैनिटाइजर मशीनें अब जवाब देने लगी हैं।
----------------
केस-एक
विकास भवन में पहुंचने वाले लोगों के लिए सैनिटाइजर मशीन लगवाई गई थी। लेकिन अब मशीन में सैनिटाइजर नहीं है। आवागमन करने वाले मशीन के पास पहुंचते हैं, लेकिन सैनिटाइजर नहीं मिलने के कारण लौटना पड़ता है।
केस-दो
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में हेल्प डेस्क बनाई गई है। यहां पहुंचने वाले लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने के लिए बैठे कर्मचारी खुद भी मास्क नहीं लगा रहे हैं। इससे बीमारी के बढ़ने का खतरा भी बढ़ रहा है।
----------------
यह देखिए बसों की हालत
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पीएन शर्मा पार्क पर हरियाणा डिपो की बस का संचालन बागपत से सोनीपत-बाहलगढ़ तक है। सोमवार को बस में कोरोना बचाव के नियम टूट रहे थे। बस के अंदर बैठी सवारियों के चेहरे पर भी मास्क नहीं था। दो गज की दूरी का पालन भी नहीं हो रहा था।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौत से शामली तक चलने वाली मिनी बस में तकरीबन 40 से 50 सवारियां थी। चालक-परिचालक सड़क पर खड़े होकर सवारियों का इंतजार कर रहे थे। अधिकतर यात्रियों के चेहरे पर मास्क नहीं थे।
--------------------
किसने क्या कहा
- बड़ौत डिपो के संचालन प्रभारी नरेंद्र मान का कहना है कि समय-समय पर बसों का निरीक्षण किया जाता है। चालक व परिचालक को शासनादेश से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद भी यदि चालक व परिचालक यात्रियों को सोशल डिस्टेंस, मास्क लगाने के लिए प्रेरित नहीं करते तो निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।
- सीडीओ अभिराम त्रिवेदी का कहना है कि सैनिटाइजर मशीन के विषय में जानकारी नहीं है। अगर कहीं व्यवस्था में गड़बड़ी है तो इसे दुरुस्त कराया जाएगा।