बागपत में शनिवार सुबह उस समय हंगामा हो गया जब इंडेन गैस एजेंसी समय पर नहीं खुली। एजेंसी सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के पास बागपत बाईपास मेरठ हाईवे पर स्थित है। बड़ी संख्या में लोग गैस सिलिंडर लेने के लिए सुबह से ही एजेंसी के बाहर पहुंच गए थे, लेकिन काफी देर तक एजेंसी नहीं खुलने पर लोगों का गुस्सा भड़क गया।
गुस्साए लोगों ने बागपत बाईपास मेरठ हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम लगने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई गांवों के लोग पहुंचे थे एजेंसी
शिक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि वे सुबह से लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन एजेंसी के कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों को काफी दिक्कत हुई। उनका कहना था कि एक दिन पहले एजेंसी की ओर से सुबह सात बजे आने के लिए कहा गया था, लेकिन तय समय पर कोई भी कर्मचारी नहीं आया।
गैस लेने के लिए पुराना कस्बा, अग्रवाल मंडी टटीरी, बली, पाबला बेगमबाद, महनवा, चौहलदा और ब्राह्मणपुट्टी समेत आसपास के कई गांवों के लोग एजेंसी पर पहुंचे थे। एजेंसी समय पर नहीं खुलने से सभी को परेशानी का सामना करना पड़ा।